पांकी। ब्लॉक के सूडी पंचायत के बांदुबार में 10वीं की छात्रा चंदा कुमारी (16) का शव बुधवार की सुबह एक पेड़ पर बने फंदे से लटका मिला। छात्रा की एक आंख पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। वह सोमवार सुबह 11 बजे से अपने घर से गायब थी। परिजनों ने मंगलवार को थाना में उसकी गुमशुदगी की जानकारी भी दी थी। परिजनों ने 4-5 लड़कों पर छात्रा के अपरहरण का भी शक जाहिर किया है। इधर, शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मान रही है। मृतिका के पिता श्याम नारायण प्रजापति ने बताया कि चंदा के लापता होने के बाद उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। मंगलवार को पांकी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। वहीं, घटनास्थल पर दबी जुबान से लोग कह रहे हैं कि शव को बकरी चराने वाले लोगों ने कल ही देखा था, लेकिन डर से उन्होंने कल किसी को जानकारी नहीं दी। जब इसकी पुष्टि हुई कि शव गांव की ही लड़की का है तो बुधवार सुबह गांव में इसकी जानकारी दी गई। लोगों के अनुसार, शव को देखने से ऐसा लग रहा है कि चंदा की हत्या कर लाश को फंदे से लटकाया गया है।