
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट से संविधान के मूल ढांचे का सिद्धांत दिलाने वाले केरल निवासी संत केशवानंद भारती श्रीपदगवरु का इदानीर मठ में तड़के करीब तीन बजकर 30 मिनट पर निधन हो गया। 79 वर्षीय भारती उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संत केशवानंद भारती के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
पीएम मोदी बोले, पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, हम पूज्य केशवानंद भारती जी को उनकी सामुदायिक सेवा और शोषितों को सशक्त करने के उनके प्रयासों के लिए हमेशा याद रखेंगे। उनका देश के संविधान और समृद्ध संस्कृति से गहरा लगाव था। वह पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। ओम शांति।
शाह बोले, राष्ट्र के लिए अपूर्णीय क्षति
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एक महान दार्शनिक और द्रष्टा के रूप में स्वामी केशवानंद भारती जी (Swami Kesavananda Bharathi) का निधन राष्ट्र के लिए अपूर्णीय क्षति है। हमारी परंपरा और लोकाचार की रक्षा के लिए उनका योगदान समृद्ध और अविस्मरणीय है। उनको हमेशा भारतीय संस्कृति के प्रतीक के रूप में याद किया जाएगा। उनके अनुयायियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।