माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के बाद मानसून की सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है। आज सुबह से शहर का मौसम बदला हुआ नजर आ रहा था। सूर्य और बादलों के बीच लुका छुपी चल रही थी बारिश के पूरे आसार बने हुए हैं।
केरल में मई माह के अंतिम दिनों में मानसून की दस्तक के बाद पूरे देश में मानसून सक्रिय होता नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने सिस्टम से मुंबई के बाद भोपाल भी बारिश से तरबतर हो चुका है। शहर में पहले 20 जून तक मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई थी लेकिन अब समय से पहले मानसून के आसार नजर आ रहे हैं। पिछले तीन-चार दिनों से गर्मी का प्रकोप भी काफी तेज बना हुआ है। रात का न्यूनतम तापमान भी लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात न्यूनतम तापमान 28 डिग्री पहुंच चुका था। शनिवार को अधिकतम तापमान न्यूनतम से 11 डिग्री ही अधिक था। इस बीच आज सुबह मौसम सुहाना नजर आया सुबह से ही 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। आसमान में काले बादलों की आवाजाही बनने लगी थी जिसके चलते सूर्य देव और बादलों के बीच लुका छुपी का खेल शुरू हो चुका था। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के आसार बन रहे हैं संभवत शाम तक मानसून शहर में पहुंच सकता है। 15 जून से शहर में मानसून की दस्तक का समय माना गया है लेकिन फिर बात तय समय से एक-दो दिन पहले ही मानसून आने की संभावना जताई जाने लगी है। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक के अनुसार मानसून से आने के बाद ही इस बात का पता चल पाएगा कि यह बंगाल की खाड़ी से आया है या अरब सागर से। वैसे इस बार अच्छी बारिश की संभावना प्रतीत हो रही है।