माटी की महिमा न्यूज/मंदसौर
मध्यप्रदेश के मंदसौर से बीजेपी सांसद सुधीर गुप्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर हमला बोला है। सुधीर गुप्ता ने दिग्विजय को शकुनि कहा है। वह यहीं नहीं रुके उन्होंने सोनिया गांधी का नाम न लेते हुए उन्होंने उन्हें धृतराष्ट्र करार दिया। धारा 370 पर पाकिस्तानी पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए दिग्विजय सिंह द्वारा दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद ने यह बात कही।
वहीं भाजपा सांसद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दिग्विजय सरकार के कैबिनेट मंत्री रहे कांग्रेस नेता नरेंद्र नाहटा ने भी पलटवार किया है। नाहटा ने सांसद को पूर्व मुख्यमंत्री के बारे में बयान देते समय राजनीतिक शिष्टाचार का पालन करने की सलाह दी है।
बीजेपी सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि आश्चर्य नहीं है, चिंता जरूर है और हम सब जानते हैं कि धृतराष्ट के दरबार में जो शकुनि की भूमिका थी उस से भी खराब भूमिका दिग्विजय सिंह की है। क्या सोचते हैं और क्या पासे फेंकते हैं, यह कोई समझ नहीं सकता। आगे गुप्ता ने कहा कि वह धृतराष्ट्र के दरबार में अपनी सबसे बड़ी पोस्ट बचाने के प्रयास में हैं। भारत के भाग्य में ऐसे लोगों को राज करने का मौका मिला लेकिन अब देश समझ चुका है, संभल चुका है। निश्चित ही अब ऐसे शकुनियों से बचने की कोशिश करता है, जो वोटों के जाल में देश को पीछे धकेलने की कोशिश करते हैं।