
बह गई डेढ़ सौ लोगों से भरी नाव, सभी सुरक्षित
गोरखपुर। कुशीनगर में कुशीनगर में बड़ा हादसा होते होते टल गया। बिहार सीमा से सटे नदी उस पार जिले के दियरा क्षेत्र से ग्रामीणों को लेकर आ रही इंजन से चलने वाली बड़ी नाव जैसे ही नदी की बीच धारा में पहुंची तो उसका डीजल खत्म हो गया। नाव के नदी की बीच धारा में बहने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमें में हड़कंप मच गया।
नाव नदी की धारा में बह गई। इस पर डेढ़ सौ लोग सवार थे। नाव बहती हुई बरवापट्टी घाट से पांच किमी दूर अमवादिगर गांव के सामने बने ठोकर के पास जाकर फंस गई। फंसे लोग चीखने पुकारने लगे। एक घंटे बाद पहुंची पुलिस व प्रशासनिक टीम बचाव कार्य में जुट गई। नाव सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। सभी को बचाने का अभियान शुक्रवार सुबह तक चला। प्रशासनिक अमला और एनडीआरफ की टीम से नाव में सवा सभी लोगों को बचा लिया। नदी उस पार दियरा में अपना फूस का घर बनाकर रह रहे लोग पानी में ही फंसे हुए थे। इनको निकाल कर लाने के लिए प्रशासनिक रोक के बावजूद नाव मालिक नाव लेकर रात को गया था। सबको नाव में सवार करने के बाद लौट रहा था। बीच नदी में नाव के इंजन का तेल समाप्त हो गया। अमवादिगर के ग्राम प्रधान रिंकू सिंह पटेल कुछ मझुआरो की छोटी वाली नाव से तेल की व्यवस्था कर भेजा। इसी बीच पुलिस-प्रशासनिक टीम भी पहुंची। एसडीएम एआर फारुकी ने बताया कि छोटी नाव से तेल भेजा जा रहा है। जान-माल का कोई खतरा नही है। कुछ लोगों को छोटी नाव से निकाला भी जा रहा है।
नेपाल में भी हादसा, तीन की मौत, 17 लापता
उधर, नेपाल के सिंधुपाल चौक के पास बाढ़ के पानी में डूबने से तीन की मौत हो गई। हादसे 17 लोगों के लापता होने की सूचना है। सिंधुपाल के सीडीओ अरूण पोखरेल ने बताया कि मृतकों में दो चीनी नागरिक हैं और एक के भारतीय होने की आशंका जताई जा रही है। अभी उसकी पहचान नहीं हो सकी है।