माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
बीती रात भाजपा महिला नगर मंत्री के पुत्र ने साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। देर रात उसे जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया। आज सुबह मर्ग कायम कर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। सेंट पॉल स्कूल के समीप शीतल पैलेस कॉलोनी में रहने वाले रवि पिता भगत राठौर 27 वर्ष ने रात को दरवाजा बंद कर साड़ी के फंदे से फांसी लगा ली। चिमनगंज थाना पुलिस के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी था। उसका विवाह नहीं हुआ था। पिता इंदौर में नौकरी करते हैं। माता किरण राठौड़ भाजपा महिला नगर मंत्री है। बताया जा रहा है कि रवि आए दिन नशे में घर पहुंचता था और विवाद करता था। रात को भी नशे में घर आया और अपनी मां से झगड़ा करने के बाद उसने मोबाइल तोड़ दिया। मां ने पिता के आने पर शिकायत करने की बात कही। उसके बाद रवि ने कमरा बंद कर फांसी लगा ली। फिलहाल मर्ग कायम किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद मामले की जांच की जाएगी।