आज शाम बारिश होने की संभावना
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
मौसम में हर दिन बदलाव नजर आ रहा है। मानसून की दस्तक के बाद बारिश का इंतजार करना पड़ रहा है। इस बीच पिछले 24 घंटे में दिन रात का तापमान 8 डिग्री के अंतर में दर्ज किया गया है।
15 जून से मानसून की दस्तक के बाद 1 जुलाई तक शहर में दो बार तेज बारिश हुई है। जिसमें 4 इंच वर्षा दर्ज की गई थी। 16 दिनों में रुक रुक कर 2 इंच के करीब बारिश हुई दर्ज की गई और अब तक 142 मिलीमीटर वर्षा का आंकड़ा दर्ज किया जा चुका है। लेकिन रात के तापमान कम नहीं हो पा रहा है। बीती रात भी न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहा था। दिन और रात में सिर्फ 8 डिग्री का अंतर होना सामने आया है। रात में बढ़ रहा है तापमान से गर्मी के साथ उमस महसूस की जा रही है। दिन में तापमान कम होने से मौसम की बीमारियां लोगों को घेरने लगी है। जीवाजीराव वेधशाला के अनुसार तेज बारिश के लिए इंतजार करना होगा। बंगाल की खाड़ी से उठा सिस्टम कमजोर हुआ है वही अरब सागर की ओर से बना सिस्टम पूरी तरह से शहर की तरफ नहीं आ पाया है। जिसके चलते रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
आसमान में बादल छा रहे, नहीं हो रही बारिश
शहर में रोज दोपहर बाद बादल छा रहे हैं लेकिन उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हो पा रही है। हवा की गति सुबह के समय 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शुरू होती है जो शाम को 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच जाती है। माना जा रहा है कि मानसून का मौसम बनने पर हवा की वजह से आगे की ओर निकल जाता है। लोगों को शाम के समय ठंडी हवा से राहत मिलती है और कुछ देर बाद अंधेरा गहराने पर उमस भरा माहौल महसूस किया जाने लगता है। अचानक ठंडक के बाद रात में होने वाली उमस लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल रही है।