Domain Registration ID: DF4C6B96B5C7D4F1AAEC93943AAFBAA6D-IN
News That Matters

पशु आहार इंडस्ट्री में डकैती की वारदात… दो बदमाशों ने 6 लाख नगद और सोने के आभूषण लूटे


खिड़की तोड़कर काटा दरवाजा, चौकीदार के साथ मारपीट कर बनाया बंधक
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन

बीती रात नागझिरी उद्योगपुरी में पशु आहार इंडस्ट्रीज में 2 बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। इंडस्ट्री संचालक को बंधक बनाकर देखरेख करने वाले कर्मचारी के साथ मारपीट की और 6 लाख रुपए नगद सोने के आभूषण लूट कर फरार हो गए। जानकारी सामने आने पर पुलिस मौके पर पहुंची है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

नागझिरी उद्योगपुरी स्थित बालाजी तोल कांटे के समीप मोहित इंडस्ट्री बनी हुई है जिसका संचालन चंद्रप्रकाश राजानी करते हैं। उन्होंने इंडस्ट्री के एक हिस्से में अपना निवास स्थान भी बना रखा है। रात 3.30 बजे के लगभग 2 बदमाशों ने इंडस्ट्री की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दरवाजा काटकर चंद्रप्रकाश राजानी के कमरे तक पहुंच गए। वह अस्वस्थ है और बेड रेस्ट कर रहे हैं। उनकी देखरेख के लिए भंवरलाल नामक कर्मचारी मौजूद था। जिसके जागने पर बदमाशों ने उसकी आंखों में मिर्ची डाली और मारपीट कर हथियार के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने चंद्रप्रकाश राजानी को भी डराया धमकाया और कंबल से उनका मुंह ढांक दिया। बदमाशों ने अलमारी और लॉकर की चाबी मांगी। उसके बाद अलमारी में रखे 6 लाख रुपए नगद, सोने की 8 जोडिय़ां मंगलसूत्र और ब्रेसलेट लेकर फरार हो गए। डकैती की वारदात के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। नागझिरी पुलिस जांच पड़ताल के लिए मौके पर पहुंची है।

डीवीआर साथ ले गए बदमाश
मोहित इंडस्ट्री में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। वारदात के बाद बदमाश अपने साथ कैमरों का डीवीआर चुरा कर ले गए ताकि उनकी करतूत की जानकारी सामने ना सके। बदमाश नकाबपोश होना बताए गए हैं जिनके पास धारदार हथियार थे।
भाई पास के कमरे में क्वॉरेंटाइन
बताया जा रहा है कि इंडस्ट्रीज में चंद्रप्रकाश राजानी का भाई महेश निवास करता है। कोरोना संक्रमण की आशंका में उन्हें पिछले कुछ दिनों से होम क्वॉरेंटाइन में रखा गया है। परिवार के दो पुत्रों को कोरोना संक्रमित होने के चलते अस्पताल में भर्ती किए जाने की बात सामने आई है। चंद्रप्रकाश राजानी की पत्नी का 6 माह पूर्व निधन होना बताया गया है। परिवार इंडस्ट्रीज में ही काफी समय से निवास कर रहा है।

भंवरलाल का कराया मेडिकल, कर्मचारियों की जुटा रहे जानकारी
वारदात के बाद पुलिस जांच पड़ताल के लिए मौके पर पहुंच गई थी। बदमाशों ने राजानी के कर्मचारी भंवरलाल के साथ हुई मारपीट को लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। वही इंडस्ट्रीज में काम करने वाले 18 से 20 कर्मचारियों की जानकारी एकत्रित की है। शंका के आधार पर सभी से पूछताछ की जा सकती है। पुराने कर्मचारियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। जिस तरह से वारदात हुई है ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जानकारी रखने वाले ने ही डकैती को अंजाम दिया है।
चोरी लूट हत्या के बाद डकैती
कोविड-19 को लेकर लगाया गया लॉकडाउन खुलने के बाद से चोरी लूट और हत्या के मामले सामने आ रहे हैं। वही बीती रात डकैती की वारदात भी हो गई। शहर में अपराधों का ग्राफ बढ़ता नजर आ रहा है। प्रतिदिन वारदातें हो रही है। पुलिस को वारदातों के मामले में सफलता हाथ लग रही है लेकिन सिलसिला थम नहीं रहा है। बड़ी वारदातों के साथ ही वाहन चोरी की वारदातों का ग्राफ भी तेजी के साथ बढ़ रहा है। जिसमें पुलिस को सफलता नहीं लग पा रही है। दो पहिया वाहनों के साथ चार पहिया वाहनों को बदमाश चुरा रहे चैन स्नैचिंग मोबाइल स्नैचिंग जैसी वारदातें भी बदमाश करने से नहीं चूक रहे हैं।

%d bloggers like this: