

हेलीपेड पर भाजपा नेताओं और अधिकारियों ने की अगवानी
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
मध्यप्रदेश के नवनियुक्त राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल आज बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुंचने से पहले हेलीपेड पर भाजपा नेताओं और जिला अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।
दो दिन पूर्व केन्द्रीय मंत्रीमंडल का विस्तार किया गया था। उससे पहले मध्यप्रदेश के राज्यपाल पद की कमान मंगूभाई छगनभाई पटेल को सौंपी गई थी। कमान संभालने के बाद महामहिम राज्यपाल अपने पहले प्रवास के दौरान धार्मिक नगरी उज्जैन का करने पहुंचे हैं। भोपाल से हेलीकॉप्टर में सवार होकर सुबह 10:20 बजे उज्जैन पहुंचे थे। हेलीपेड पर उनकी अगवानी प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन सहित संभागायुक्त संदीप यादव, एडीजीपी डॉ. योगेश देशमुख, कलेक्टर आशीष सिंह, एसपी सत्येन्द्र कुमार शुक्ल ने की। हेलीपेड से सीधे राज्यपाल श्री पटेल बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे जहां उन्होंने बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन कर कोरोना से मुक्ति की प्रार्थना के साथ देश और प्रदेश में अमन-शांति की कामना की। पूजा अर्चना के बाद वह एक अन्य कार्यक्रम के शामिल होने पहुंचे और भोजन करने के बाद दोपहर में भोपाल के लिए रवाना हो गए। महामहिम राज्यपाल बाबा महाकाल के दरबार सपरिवार पहुंचे थे। बीती शाम राज्यपाल का उज्जैन प्रवास कार्यक्रम सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन द्वारा उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए गए थे। सुबह से ही हेलीपेड के आसपास पुलिस बल लगा दिया गया था वहीं उनके कार्यक्रम मार्ग पर भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। मंदिर में दर्शन के दौरान आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया था।