बढ़ती वारदातों को रोकने के लिए नई व्यवस्था
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
अनलॉक के बाद लगातार सामने आ रही वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अब रात्रि में पैदल भ्रमण कर मैदान संभालेगी और संदिग्धों के साथ देर रात घूमने वाले लोगों से पूछताछ करेगी।
लॉक डाउनलोड कोरोना कर्फ्यू के बाद वारदातों के बढऩे का अंदेशा पूर्व में ही पुलिस अधिकारियों द्वारा जताया जा चुका था। अनलॉक की शुरुआत होते ही लूट, चोरी, चेन स्नैचिंग की वारदातों का ग्राफ बढ़ गया। चोरी की कई वारदातों में शामिल बदमाशों को पकडऩे में पुलिस को सफलता मिली लेकिन लूट, चेन स्नैचिंग के साथ ही वाहन चोरों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है जिसके चलते पुलिस ने अब अपने काम करने का तरीका बदला है। दिन में सादी वर्दी में पुलिसकर्मी वाहन चोरी करने वालों पर नजर बनाए हुए हैं वही अब अंधेरा छाने के बाद होने वाली वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए रात 8 बजे से 12 बजे तक थाना क्षेत्र की पुलिस पैदल भ्रमण करेगी। देर रात घूमने वालों से पूछताछ की जाएगी वहीं संदिग्धों को थाने ले जाकर उनकी जानकारी भी जुटाई जाएगी। बिना नंबर के वाहन चलाने वालों को भी रोककर दस्तावेज देखे जाएंगे। पुलिस की टीम अपने थाना क्षेत्र में अचानक चेकिंग अभियान भी चलाएगी। रात के समय जहां थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे वहीं वरिष्ठ अधिकारी भी किसी भी क्षेत्र में पहुंचकर नई व्यवस्था का जायजा लेंगे। पुलिस की नई व्यवस्था से बदमाशों में भय व्याप्त होगा। वहीं सबसे ज्यादा चोरी की वारदातों पर अंकुश लगेगा। पुलिस दिन में शहर की ट्रेफिक व्यवस्था को लेकर भी अभियान चलाएगी और बेतरतीब खड़े रहने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्यवाही भी करेगी।