उज्जैन। मक्सीरोड उद्योगपुरी में गुरुवार दोपहर फैक्ट्री में हादसे के दौरान एक श्रमिक घायल हो गया। गनीमत रही कि हादसा लंच समय में हुआ नहीं तो कई श्रमिक घटना का शिकार हो जाते। पंवासा थाना पुलिस ने बताया कि मक्सी रोड उद्योगपुरी स्थित भाग्यलक्ष्मी फैक्ट्री में गुरुवार दोपहर सीमेंट की चद्दर और लोहेे की एंगल पर बना शेड अचानक भरभरा कर गिर गया। जिसके नीचे फैक्ट्री में काम कर रहा मजदूर नौशाद पिता सरफराज 40 वर्ष निवासी पांड्या खेड़ी दबकर घायल हो गया। घटनाक्रम के समय फैक्ट्री में काम करने वाले अन्य श्रमिक लंच टाइम होने पर भोजन करने के लिए चले गए थे। जिसके चलते बड़ा हादसा घटित होने से बच गया। घायल हुए मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई थी। उसे साथी श्रमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। फैक्ट्री में लोहे के एंगल बनाने का काम किया जाता है। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है।