
16 को बचाया, अब भी कई लोगों के दबे होने की आशंका
मुंबई। मुंबई में लगातार हो रही बारिश की वजह से शनिवार देर रात हुई लैंडस्लाइड की 2 घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गई। 17 लोगों ने चेंबूर इलाके में और 5 ने विक्रोली में जान गंवाई। चेंबूर हादसे में 16 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। यहां पांच मकान ढह गए। एनडीआरएफ की टीम मलबा हटा रही है।
ग्रेटर मुंबई नगर निगम ने बताया है कि चेंबूर हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। 2 घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं डीसीपी (जोन 7) प्रशांत कदम ने बताया कि विक्रोली में गिरी इमारत के मलबे से 5 शव बरामद किए गए हैं। 5-6 और लोगों के फंसे होने की आशंका है। चेंबूर में जिस जगह हादसा हुआ वहां संकरी गलियां हैं। यह कुछ ऊंचाई पर भी है। इसकी वजह से एनडीआरएफ की टीम को वहां पहुंचने में मुश्किल आई। एंबुलेंस को तो बस्ती से कुछ बाहर ही खड़ा किया गया। यहां अभी राहत और बचाव का काम चल रहा है। इसमें स्थानीय लोगों की भी मदद ली जा रही है। एक चश्मदीद ने बताया कि हादसा शनिवार रात 12.30 बजे हुआ। मलबे में बच्चे भी दबे थे। हमने कई लोगों को मलबे से निकाला और घायलों को रिक्शे से अस्पताल पहुंचाया।

मुंबई में रेड अलर्ट, आज भी भारी बारिश की आशंका
इस बीच मुंबई में आज भी भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई में बारिश के कारण जगह-जगह पानी भरना कोई नई बात नहीं रह गई है। पिछले एक हफ्ते में ऐसे कई बार हो चुका है। रविवार को रात भर हुई बारिश के बाद भी ऐसे ही हालात हैं। निचले इलाकों में जलभराव हो गया है।सायन स्टेशन के पास एलबीएस रोड पर भी जलजमाव की सूचना है, जबकि मुंबई के चूनाभट्टी स्टेशन पर ट्रेन की पटरियां पानी में डूब गई हैं। सांताक्रुज में भारत मौसम विज्ञान विभाग के निगरानी स्टेशन ने बताया कि 24 घंटों में 31 मिमी बारिश दर्ज की है। शनिवार को भी दिन में 9 मिमी बारिश हुई थी। इससे पहले शुक्रवार को 4.5 घंटे में 253 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।