
नईदिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 6.45 बजे आए इस भूकंप का असर मेट्रो सेवा पर पड़ा। कुछ देर के लिए मेट्रो ट्रेनें रोक दी गई। अब तक किसी जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। बता दें, दिल्ली में कोरोना प्रतिबंधों में सोमवार से छूट दी गई है और मेट्रो ट्रेनों को पूरी क्षमता के साथ चलाने का फैसला किया गया है। मेट्रो सेवाओं में व्यवधान के कारण सोमवार को दिल्ली के विभिन्न मेट्रो स्टेशनों पर लंबी कतारें लगीं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की ओर से बताया गया कि सुबह 6.42 बजे भूकंप के हल्के झटके की पुष्टि की गई। कुछ देर क लिए सेवाएं बाधित हुईं, लेकिन सबकुछ सामान्य है।
बदरपुर बॉर्डर मेट्रो स्टेशन के बाहर यात्रियों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों के मुताबिक, हम एक घंटे से अधिक समय से कतार में हैं। कहा जा रहा है कि कुछ तकनीकी खराबी के कारण ट्रेनें देरी से चल रही हैं। आनंद विहार मेट्रो स्टेशन के गेट बंद रहने के कारण लोग इंतजार करते देखे गए।