
नईदिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बाद अब कांग्रेस पार्टी का और कई अन्य दिग्गज नेताओं का ट्विटर अकाउंट लॉक हो गया है। कांग्रेस द्वारा फेसबुक पर इसकी जानकारी दी गई है। कांग्रेस ने लिखा है कि जब हमारे नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया, हम तब नहीं डरे तो अब ट्विटर अकाउंट बंद करने से क्या ख़ाक डरेंगे। हम कांग्रेस हैं, जनता का संदेश है, हम लड़ेंगे, लड़ते रहेंगे। पार्टी का आरोप है कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव अजय माकन, कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, लोकसभा में पार्टी के व्हिप मणिकम टैगोर, असम कांग्रेस प्रभारी जितेंद्र सिंह और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव के ट्विटर अकाउंट लॉक हो गए हैं। कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि तो ट्विटर ने मेरा भी अकाउंट लॉक कर दिया है, क्योंकि मैंने भी महिला एवं दलित उत्पीडऩ के खिलाफ राहुल गांधी का समर्थन किया था। जल्द ही असली के अच्छे दिन आएंगे और आप (ट्विटर) डरेंगे नहीं। यह मेरी भविष्यवाणी है। कांग्रेस के कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट के इंचार्ज प्रणव झा ने तंज किया है कि लॉर्ड नरेंद्र मोदी, जैक और ट्विटर ने रणदीप सुरजेवाला, अजय माकन, सुष्मिता देव का ट्विटर अकाउंट लॉक कर दिया है। कांग्रेस ने अपना विरोध दर्ज कराया है। सभी के साथ अन्याय के लिए लड़ाई जारी रखने वादा किया है।