
सीएम शिवराज ने खिलाई मिठाई
भोपाल। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ओलिंपिक कांस्य विजेता विवेक सागर के साथ स्मार्ट सिटी पार्क में पौधारोपण किया। सीएम शिवराज सिंह चौहान के निवास पर विवेक का मिठाई खिलाकर स्वागत किया एवं ओलिंपिक में बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इस दौरान खेल मंत्री यशोधरा राजे भी वहां मौजूद रहीं। इसके पहले विवेक सागर का भोपाल पहुंचने पर गुरुवार को राजा भोज एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने विवेक की आत्मीय अगवानी की। विवेक एयर इंडिया की नियमित दिल्ली उड़ान से सुबह 7.30 बजे भोपाल पहुंचे। उनकी अगवानी के लिए खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया कुछ समय पहले ही एयरपोर्ट पहुंच गई थीं। साई के डायरेक्टर सत्यजीत संकित, खेल विभाग के डायरेक्टर पवन जैन, जॉइंट डायरेक्टर विनोद प्रधान एवं बीएस यादव सहित खेल अकादमी के सदस्यों ने विवेक का भव्य स्वागत किया। खेल अकादमी से जुड़े सदस्यों ने एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही विवेक पर पुष्पवर्षा कर ढोल धमाकों के बीच उनका अभिनंदन किया। उत्साही युवाओं ने विवेक को कंधे पर उठाकर विजय मुद्रा में अभिनंदन किया।
अब स्वर्ण पदक पर है निगाहें
एयरपोर्ट पर चर्चा करते हुए विवेक सागर ने कहा कि ओलिंपिक मैं भाग लेना एक खास अनुभव रहा। अब मेरा मकसद हाकी में भारत को स्वर्ण पदक दिलाना है। उनका अगला लक्ष्य यही होगा। विवेक ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारी टीम से बात की तो हमें बहुत अच्छा लगा, उन्होंने हमारा उत्साह बढ़ाया। पदक मिलने के बाद पूरे देश से शुभकामनाएं मिल रही हैं। इससे गर्व का अनुभव हो रहा है। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया इस मौके पर कहा कि विवेक पर हमें गर्व है। खिलाडिय़ों को लगातार प्रोत्साहन दिया जाएगा। आज प्रदेश सरकार मिंटो हॉल में एक विशेष कार्यक्रम में विवेक सागर को सम्मानित करने जा रही है। अपने बेटे को मिली कामयाबी का जश्न देखने के लिए विवेक के पिता रोहित प्रसाद, भाई विद्यासागर, मां कमला प्रसाद और बहन पूजा भी गुरुवार सुबह भोपाल पहुंचे हैं। समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के साथ खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक पवन जैन समेत अन्य अफसर विवेक का सम्मान करेंगे।