
ग्वालियर। ग्वालियर में महाराज बाड़ा स्थित नगर निगम कार्यालय पर तिरंगा लगाते समय बड़ा हादसा हो गया। जिस हाइड्रोलिक मशीन पर चढ़कर निगम कर्मचारी तिरंगा लगा रहे थे, वह अचानक टूट गई। इस घटना के बाद हर तरफ अफरा तफरी मच गई। घायलों को तत्काल नीचे लाया गया। खबर है कि इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि एक को गंभीर चोटें आईं हैं। मामले की जानकारी लगते ही पुलिस अधिकारियों के साथ ही प्रभारी नगर निगम आयुक्त मुकुल गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए। उधर इस घटना के बाद गुस्साए एक व्यक्ति ने प्रभारी निगमायुक्त को चाटां मार दिया। पुलिस ने हंगामा बढ़ते देखा तो तत्काल भीड़ को दूर खदेड़कर निगम अफसरों को बाहर निकाला। ग्वालियर प्रवास पर आए प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट को जैसे ही मामले की जानकारी लगी वह तुरंत महाराज बाड़ा पहुंंच गए। उन्होंने घटना की जानकारी लेने के साथ ही घायल कर्मचारी के उपचार के पर्याप्त इंतजाम करने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही पीडि़त परिवारों से भी चर्चा की है।
शहर में पंद्रह अगस्त की तैयारियां जारी हैं। इसके तहत महाराज बाड़ा स्थित नगर निगम कार्यालय पर भी ध्वजारोहण की तैयारी चल रही थी। शनिवार को सुबह दमकल अमले की हाइड्रोलिक मशीन मंगाई गई थी। इस हाइड्रोलिक मशीन पर चढ़कर कुछ कर्मचारी इमारत पर तिरंगा लगाने के लिए चढ़े थे। इसी दौरान अचानक हाइड्रोलिक मशीन टूट गई। इस हादसे में निगम कर्मचारी मंजर आलम, कुलदीप दंडौतिया और विनोद की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि एक कर्मचारी को गंभीर चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल एवं प्रभारी नगर निगम आयुक्त मुकुल गुप्ता मौके पर पहुंच गए। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के साथ ही शवों को डेडहाउस पहुंचाने का काम शुरू किया गया। इसी बीच कुछ लोगों ने घटनास्थल पर हंगामा शुरू कर दिया। प्रभारी निगमायुक्त को मारा चांटा: घटना के बाद कर्मचारियों के साथ ही आमजन में भी खासा आक्रोश था। इस दौरान मनोज नाम के एक वकील ने प्रभारी निगमायुक्त को चांटा मार दिया। वकील फिर से हमला करता इसके पहले ही पुलिस बल उसे पकड़कर दूर ले गया।