सात नामजद और अन्यों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का प्रकरण दर्ज
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
बीती रात मोहर्रम पर्व की आखिरी रात पर गीता कॉलोनी में तनाव की स्थिति बन गई। कुछ लोगों द्वारा जमकर नारेबाजी की गई जिसके चलते अलसुबह तक भारी पुलिस बल तैनात रहा। कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हुई लेकिन पुलिस ने सात नामजद और अन्यों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहर्रम पर्व के चलते बीती रात पर्व का अंतिम दिन होने पर गीता कॉलोनी स्थित बड़े साहब के स्थल पर मुस्लिम समुदाय की आस्था का सैलाब पहुंचा था। इस बीच निकास चौराहे पर छोटे साहब के स्थल पर भी भीड़ लगी हुई थी। इस बार कोरोना गाइड लाइन के चलते प्रशासन ने जुलूस निकालने पर प्रतिबंध लगा रखा था। जिसके चलते धार्मिक स्थलों पर ही समाजजन दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। रात 10-11 बजे के लगभग गीता कॉलोनी में बढ़ती भीड़ के बीच पुलिस ने लोगों से कोरोना गाइड लाइन का पालन करने की बात कही तो कुछ लोगों ने आपत्ति दर्ज करा दी और नारेबाजी शुरू कर दी। नारे ऐसे थे कि भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मोर्चा संभाल लिया। कुछ लोग देशद्रोही नारे लगा रहे थे जिसके चलते तनाव न बढ़े, पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। अलसुबह जीवाजीगंज थाने पर शासन की ओर से नारेबाजी करने वाले सात नामजद लोगों के खिलाफ अन्य के साथ धारा 124-ए, 153-बी, 188 का केस दर्ज किया गया। आज सुबह नारेबाजी करने वालों की पहचान के लिए एडीजी, एसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखने में लग गए थे। सूत्रों का कहना है कि नारेबाजी करने वाले कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है वहीं अन्यों की पहचान के बाद गिरफ्तारी की जाएगी।