माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
कवेलू कारखाना चौराहा शांतिनगर में रहने वाले जोमेटो डिलेवरी बॉय को परिजन कल दोपहर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां उसकी मौत हो गई। आज सुबह पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के पास सुसाइड नोट मिला है। परिजनों ने महिला पर आरोप लगाए हैं।
नीलगंंगा थाना पुलिस ने कवेलू कारखाना के समीप रहने वाले आशीष पिता रामचंद्र नामदेव की मौत होने के मामले में मर्ग कायम कर आज सुबह पोस्टमार्टम कराया है। आशीष के जहर खाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह जोमेटो में डिलेवरी बॉय का काम करता था। परिजनों ने एक महिला पर आरोप लगाए हैं। जब उसे अस्पताल लाया गया और मौत हुई तो परिजनों का कहना था कि सुबह उससे पैसे मांगने एक महिला घर पहुंची थी। जिससे कहासुनी हुई थी। कुछ देर बाद आशीष घर से चला गया था। दोपहर में उसे महिला ऑटो से लेकर घर आई थी और छोड़कर चली गई थी। आशीष की हालत खराब थी, उसे अस्पताल लाया गया तो कुछ देर में ही मौत हो गई। उसने सुसाइड नोट लिखा है। जिसमें कर्जदारों से परेशान होने की बात लिखी है। सुसाइड नोट काफी बड़ा है। जिसमें कई लोगों के नाम भी हैं। महिला के नाम का उल्लेख भी किया गया है। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नीलगंगा टीआई तरुण कुरील के अनुसार परिजनों के बयान दर्ज किये जाएंगे। उसके बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।
विष्णुपुरा की महिला ने खाया जहर
विष्णुपुरा में रहने वाली सीमा पति विजेन्द्र बैण्डवाल 38 वर्ष ने शुक्रवार दोपहर जहर खा लिया था। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे जहां कुछ घंटे चले उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। नीलगंगा पुलिस ने आज सुबह पोस्टमार्टम कराया है। मृतका का पति निजी कंपनी में जॉब करता है। संभावना जताई जा रही है कि पारिवारिक विवाद के चलते सीमा ने आत्मघाती कदम उठाया है।
शिप्रा से मिली लाश
भैरवगढ़ थाना पुलिस ने जेल तिराहा स्थित ब्रिज के नीचे शिप्रा नदी से एक युवक की लाश शुक्रवार दोपहर बरामद की है जिसकी आज सुबह तक पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस के अनुसार लाश दो दिन पुरानी है। मृतक पीले रंग का शर्ट और स्लेटी रंग का पैंट पहने था। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कराएगी।