भरतपुर। भरतपुर जिले के रूपवास थाना इलाके के जंगी का नगला के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में दो युवकों और एक महिला की मौत हो गई। 9 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करया गया है। सभी का इलाज जारी है।
घायलों ने बताया कि वह सभी धौलपुर जिले में सदर थाना इलाके के सरकन खेड़ा गांव के रहने वाले हैं। दो परिवार के लोग ऑटो से बयाना तहसील के करिस देव के मंदिर गए थे। दर्शन कर देर रात वहां से निकले। रूपवास थाना इलाके के जंगी का नगला के पास एक ट्रक ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक चालक टक्कर मारने के बाद फरार हो गया। ऑटो में 12 लोग सवार थे। सभी लोग घायल हो गए। रात को करीब 2 बजे हुई इस घटना में वह सड़क पर ही पड़े रहे। कुछ देर बाद घायलों में से दीपू नाम के युवक को होश आया। उसने 100 नंबर को घटना की सूचना दी। मौके पर एंबुलेंस पहुंची और सभी घायलों को रूपवास के अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने राजन देई नाम की महिला को मृत घोषित कर दिया। सभी घायलों को अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में 17 साल के वीरेंद्र और 50 साल के ओमप्रकाश ने भी दम तोड़ दिया। 9 घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस हादसे में मृत वीरेंद्र और राजन देई दोनों मां बेटे हैं। राजन देई का शव रूपवास अस्पताल मोर्च्युरी में रखा है। हादसे की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी गई है, जो मौके पर पहुंच चुके हैं।