
देवास रोड पर तड़के 4 बजे दर्दनाक हादसा
माता-पिता और ऑटो चालक गंभीर घायल, आयशर चालक भागा
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
देवास रोड पर आज सुबह दर्दनाक दुर्घटना होना सामने आई है। सुबह 4 बजे हुई ऑटो और आयशर की भिड़ंत में 3 साल की मासूम की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आयशर का चालक मौके से भाग निकला। दुर्घटना में माता-पिता, भाई और ऑटो चालक भी घायल हुआ है।
नागझिरी थाना पुलिस ने बताया कि देवास रोड स्थित नाकोड़ा धाम के सामने ऑटो और आयशर के बीच हुई भिड़ंत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर दो टुकड़ों में बंट गया था। आयशर का चालक मौके से भाग निकला था। जांच के दौरान ऑटो में सवार 3 वर्षीय नंदिनी पिता महेश शर्मा की मौत होना सामने आया। मासूम की मां पूजा शर्मा घायल थी जिसके साथ पति महेश शर्मा और 1 वर्षीय बालक दिव्यांश भी था जो गंभीर रूप से घायल थे। ऑटो चालक भी लहूलुहान हो चुका था। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से महेश शर्मा की हालत गंभीर होने पर रैफर किया गया है। सभी शिवांश सिटी के रहने वाले है। वहीं दुर्घटना में ढांचाभवन निवासी 40 वर्षीय ऑटो चालक श्यामलाल राठौर भी गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल पूजा शर्मा के अनुसार उनका परिवार शिवपुरी स्थित पैतृक गांव गया हुआ था जहां से सुबह ट्रेन से लौटकर उज्जैन पहुंचा था। ऑटो में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे उसी दौरान तेज गति से आई आयशर ने टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार आयशर नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। आयशर देवास की ओर से आना सामने आया है।