
नईदिल्ली। पूर्व राज्यसभा सदस्य और पत्रकार चंदन मित्रा (66 वर्ष) का निधन हो गया है। उनके बेटे कौशल मित्रा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि चंदन मित्रा ने बुधवार रात दिल्ली में अंतिम सांस ली। वे बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। भाजपा ने चंदन मित्रा को राज्यसभा भेजा था। हालांकि 2018 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया था। वह द पायनियर के संपादक भी थे, लेकिन इस साल जून में अखबार के प्रिंटर और प्रकाशक के रूप में इस्तीफा दे दिया था। चंदन मित्रा के निधन पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा, चंदन मित्रा जी को उनकी बुद्धि और अंतर्दृष्टि के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने मीडिया के साथ-साथ राजनीति की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई। उनके निधन से आहत हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। शांति।