
टीवी शो बालिका वधु से मिली थी शोहरत, बिग बॉस सीजन-13 के विनर रहे
मुंबई। अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला का 40 साल की उम्र में निधन हो गया है। सिद्धार्थ शुक्ला बिग बॉस सीजन-13 के विजेता बने थे। अब तक की जानकारी के मुताबिक, हार्ट अटैक से सिद्धार्थ शुक्ला का 40 साल की उम्र में निधन हुआ है। हालांकि मुंबई पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। बीती रात मुंबई में उनकी तबीयत बिगड़ी थी। दवा लेने के बाद वे सोने चले गए थे। उन्होंने कहा था कि उन्हें आराम की जरूरत है। इसके बाद सुबह उठाया गया तो वे बेहोश हालत में मिले। तत्काल कूपर अस्पताल ले जाया गया जहां मृत घोषित कर दिया गया है। सिद्धार्थ शुक्ला के फैन्स के लिए यह बहुत बुरी खबर है। उन्होंने 2008 में अपने करियर की शुरुआत की थी और अपने अभिनय की बदौलत ख्याति हासिल की थी। उन्होंने बालिका वधू सीरियल में शानदार काम किया था। उनकी फिटनेस देखते हुए इस बात पर भरोसा करना मुश्किल है कि हार्ट अटैक से उनका निधन हुआ है।
कूपर अस्पताल में सिद्धार्थ शुक्ला की बहन और बहनोई मौजूद हैं। सिद्धार्थ की मां को अब तक बेटे के निधन की जानकारी नहीं दी गई है। सिद्धार्थ के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं हैं। मुंबई पुलिस ने अभी मौत के कारण का खुलासा नहीं किया है। मुंबई पुलिस के आला अधिकारी कूपर अस्पताल पहुंच गए हैं। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण का खुलासा हो सकेगा। इसके बाद पुलिस केस दर्ज कर सिद्धार्थ के करीबियों से पूछताछ करेगी।