लोकायुक्तकी जांच में रोज सामने आ रही नई जानकारी
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
बडऩगर के निलंबित प्रभारी सीएमओ की अनुपातहीन संपत्ति के मामले में लोकायुक्त की टीम 4 दिनों से जांच कर रही है। अब तक 6 करोड़ के लगभग संपत्ति का पता चल चुका है। शुक्रवार को कुछ बैंक खातों की जानकारी सामने आने के बाद 32 लाख की राशि का और पता चला है।
गौरतलब हो कि 15 सितंबर की सुबह लोकायुक्त की टीम ने बडऩगर के प्रभारी सीएमओ कुलदीप किंशूक के उज्जैन माकड़ोन और बडऩगर के तीन ठिकानों पर छापा मारकर प्रारंभिक जांच में 3.30 करोड़ की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा किया था। उसके बाद प्रभारी सीएमओ को नगरीय एवं विकास आयुक्त ने निलंबित कर दिया था। लोकायुक्त की जांच जारी है। पहले अनुपातहीन संपत्ति एकत्रित करने वाले कुलदीप के 56 बैंक खातों की जानकारी सामने आई थी। उसके बाद 14 अन्य बैंक खातों का और पता चला है। शुक्रवार को लोकायुक्त के पास बैंक के माध्यम से 31 खातों की जानकारी पहुंची है जिसमें 32 लाख की राशि जमा होना सामने आया है। कुलदीप ने यह खाते अपने रिश्तेदारों के नाम पर खोल रखे थे। उसने दस बैंकों में करीब 70 खाते खोल रखे हैं। लोकायुक्त को अभी 29 बैंक खातों की जानकारी का इंतजार है। 16 वर्ष की नौकरी में 30 लाख का वेतन पाने वाले कुलदीप के पास अब तक 6 करोड़ की संपत्ति का पता चल चुका है। जिसमें उज्जैन माकड़ोन में करोड़ों की जमीन शामिल है।