चेन्नई |प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जश्न के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में पटाखों की चिनगारी की वजह से गैस भरे गुब्बारों का विशाल गुच्छा आसमान में छोड़े जाने से पहले ही फट गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना उस समय हुई जब भाजपा सदस्य पार्टी के किसान मोर्चे के राज्य स्तर के एक पदाधिकारी को फूलों की माला पहना रहे थे। इस दौरान पटाखे फोड़े गए, जिनकी चिनगारी से गुब्बारे फूट गए। भाजपा मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) के उपलक्ष्य में एक सप्ताह का ”सेवा दिवस” मना रही है।
पुलिस ने कहा कि गुब्बारे फूटते ही वहां आग का गोला बन गया, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं को भागना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाइड्रोजन गैस से भरे 100 गुब्बारे आसमान में छोड़ने की योजना बनाई थी। इस घटना में कई लोगों को हल्की चोटें आई हैं। उन्हें किलपॉक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।