उज्जैन। 10 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज देकर युवक को परेशान करने वाली महिला के खिलाफ पुलिस ने जांच के बाद प्रकरण दर्ज किया है। महिला ने बिना लाइसेंस कर्ज देकर युवक को अधिक रुपए देने के लिए प्रताडि़त कर रखा था। चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि बापू नगर में रहने वाले मुकेश पिता अशोक ने 2 वर्ष पूर्व पूजा पति रूपेश श्रीवास्तव नाम की महिला से 65 हजार के लगभग का कर्ज लिया था। जिसके एवज में वह 10 प्रतिशत ब्याज से 55 हजार से अधिक की राशि लौटा चुका है। कर्ज लेते समय उसने पूजा को चेक दिए थे। पूजा दिए गए कर्ज से अधिक राशि वसूल चुकी थी और चेक बैंक में लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की बात कहकर उसे डरा धमका रही थी। मुकेश ने 30 मई 2020 उसे प्रताडि़त किए जाने की शिकायत थाने पहुंचकर की थी। मामले की जांच के बाद शुक्रवार रात पूजा श्रीवास्तव के खिलाफ बिना लाइसेंस के कर्ज देने और 10 प्रतिशत ब्याज से राशि वसूलने का मामला स्पष्ट होने पर प्रकरण दर्ज किया गया। गौरतलब है कि कर्ज लेने वाले लोग बिगड़ी आर्थिक स्थिति के चलते परेशान हैं। उन्हें कर्जदारो द्वारा परेशान किए जाने की बातेंसामने आ रही हैं। 2 दिन पूर्व कर्जदारों से परेशान फोटोग्राफर ने आत्महत्या कर ली थी। इससे पूर्व जीवाजीगंज थाना क्षेत्र में कर्ज देने वालों द्वारा युवक को धमकाने और उसके द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आ चुका है।