नई दिल्ली। सोमवार सुबह दिल्ली के हाई सिक्योरिटी जोन के अंतर्गत आने वाले इंडिया गेट के नजदीक ट्रैक्टर को आग के हवाले करने के आरोप में पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है। यह सभी पंजाब के रहने वाले हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों का नाम मनजोत सिंह, रमनदीप सिंह सिंधू, राहुल, साहिब और सुमित बताया जा रहा है. इस वीडियो को पंजाब कांग्रेस यूथ के पेज पर भी लाइव दिखाया गया था। जिसके बाद से आशंका जताई जा रही है कि सभी आरोपी कांग्रेस के कार्यकर्ता है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए सभी य़ुवक खुद को पंजाब यूथ कांग्रेस के नेता बता रहे हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन पांचों लोगों के अलावा एक इनोवा कार को भी जब्त किया गया है। सुबह 7.15 से 7.30 के बीच करीब 15 से 20 संख्या में कुछ लोग किसान बिल के विरोध में इंडिया गेट के पास एकत्रित हुए। वो अपने साथ एक पुराना ट्रैक्टर लेकर आए थे।
टाटा 407 से उन्होंने ट्रैक्टर को नीचे उतारा और उसे आग के हवाले कर दिया। किसान कानून के विरोध में इन लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। युवक अपने साथ भगत सिंह की तस्वीर लेकर आए थे। देश के कई हिस्सों में किसानों व राजनीतिक दलों ने कृषि कानून के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
कृषि बिल के खिलाफ एससी में याचिका
कृषि बिल के खिलाफ सड़क पर प्रदर्शन जारी है। इस बीच यह मसला सुप्रीम कोर्ट में पहुंच गया है। केरल से कांग्रेस सांसद टीएन प्रतापन ने सुप्रीम कोर्ट में कृषि अधिनियम को चुनौती दी है। संसद द्वारा पिछले सप्ताह पारित किए गए किसानों से जुड़े बिल को वापस लेने के लिए रिट याचिका दायर की गई है।