गिरफ्तारी पर पांच-पांच हजार का इनाम घोषित
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
नगर निगम ठेकेदार की आत्महत्या के मामले में सुसाइड नोट के आधार पर आरोपी बनाए गए निगम के दो उपयंत्रीयो की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम घोषित किया गया है। वहीं मामले में कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं।
गौरतलब हो कि 9 सितंबर को बडऩगर मार्ग पर नगर निगम ठेकेदार शुभम खंडेलवाल ने जहर खा लिया था। जिसके बाद उसकी कार आयशर से टकरा गई थी। घटनाक्रम के बाद मृतक ठेकेदार की कार से सुसाइड नोट बरामद हुआ था। जिसमें नगर निगम उपयंत्री संजय खुजनेरी, नरेश जैन और तन्मय उर्फ चीनू से प्रताडि़त होकर आत्महत्या करने की बात लिखी गई थी। पुलिस ने जांच के बाद तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया था।
उपयंत्री प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रहे हैं जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस लगातार कर रही है। दोनों को बचाने के लिए निगम के ही कुछ लोगों द्वारा प्रयास भी किए जा रहे हैं। इस बीच मंगलवार शाम कलेक्टर आशीष सिंह में मामले की जांच मजिस्ट्रियल स्तर पर कराने के आदेश जारी करते हुए डिप्टी कलेक्टर वीरेंद्र सिंह को नियुक्त किया है। वही पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने दोनों उपयंत्री और उनके साथी की गिरफ्तारी पर पांच पांच हजार का इनाम घोषित किया है।