लोगों ने घेराबंदी कर पकड़ा, पूछताछ जारी
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
बाइक पर रखा लैपटॉप बैग लेकर भाग रहे दो बदमाशों को लोगों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। बैग बरामद कर दोनों को पुलिस के सुपुर्द किया गया है। बदमाश सीहोर और भोपाल के रहने वाले हैं जिनसे पूछताछ की जा रही है।
इंदौर से योगेंद्र पिता दीपचंद वर्मा बाइक पर सवार होकर देव दर्शन के लिए उज्जैन आया था। वह म्यूजिक फिल्म कंपनी में डायरेक्टर का काम करता है। कल दोपहर सांदीपनि आश्रम जाने से पहले अंकपात मार्ग स्थित सोलंकी रेस्टोरेंट पर चाय नाश्ते के लिए रुका। उसने अपनी बाइक खड़ी करने के बाद लैपटॉप का बैग बाइक के हैंडल पर टांग दिया। वह नाश्ता कर वापस लौटा उसी दौरान 2 बदमाशों ने बैग चोरी किया और भाग निकले। योगेंद्र ने शोर मचाया बैग ले कर भाग रहे दोनों बदमाशों को कुछ लोगों ने देखा तो पीछा कर पकड़ लिया। बैग बरामद करने के बाद जीवाजी गंज थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गई। बैग में 52 हजार रुपए कीमत का लैपटॉप और चार्जर रखा हुआ था। पुलिस ने योगेंद्र की शिकायत पर दोनों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम मनोहर कुशवाह निवासी सीहोर और विक्की वाल्मीकि निवासी भोपाल होना बताया है। मनोहर बैंड बजाने का काम करता है विक्की फुटपाथ पर रहकर चोरियों को अंजाम देता है। दोनों से पूछताछ की जा रही है आज दोपहर बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
झांसा देकर ठगा चेन और पेंडल
केडी गेट बोहरा बाखल में दो बदमाश वृद्धा को झांसा देकर सोने की चेन और पेंडल ठगने के बाद भाग निकले। बाकल में रहने वाली कनीजा बाई पति हातिम अली को अकेला देखकर बदमाशों ने बर्तन चमकाने का लिक्विड बेचने के बहाने अपनी बातों में उलझाया और सोने की चेन चमकाने के बहाने झांसा दे दिया। बदमाशों ने वृद्धा की चेन लेकर हल्दी और तेल के डब्बे में डाली। पानी डालकर गर्म करने को कहा। वृद्धा डब्बा लेकर कमरे में गई बदमाश भाग निकले। कुछ देर बाद डब्बे में चेन और पेंडल नहीं मिला। दोनों बदमाशों के फुटेज बाखल में लगे कैमरों से सामने आए हैं। सोने की चेन 75 हजार कीमत की थी। जीवाजी गंज पुलिस मामला दर्ज कर दोनों की तलाश में लगी है।