
नई दिल्ली। दिल्ली के बवाना में बड़ा हादसा हुआ है। यहां पर बने राजीव रतन आवास योजना के कुछ फ्लैट अचानक भरभरा कर गिर पड़े। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस दमकल विभाग एवं स्थानीय लोग मलबा हटाने के काम में जुटे हुए हैं। जिन चार की मौत हुई है उनमें रुकैया खातून, शहजाद, एक 12 साल की लड़की अफरीन और दानिश शामिल हैं। इसके साथ ही 2 घायल भी हैं, जिनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों के नाम फातिमा और शहनाज है।
राजीव रतन आवास योजना के तहत बने 10 से 15 फ्लैट अचानक धराशाई हो गए, जिनमें कई लोग दो से तीन लोग अभी भी दबे होने की आशंका है। 2 लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इन फ्लैट्स को अभी तक आवंटित नहीं किया गया था, यहां पर कुछ लोग मवेशी चराने के लिए आए हुए थे। अचानक से कुछ मवेशी और इंसान इस बिल्डिंग के नीचे दब गए, जिन्हें निकालने का काम लगातार जारी है। नरेला थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली जल बोर्ड के पास एक बिल्डिंग ढह गई है, जिसमें 4-5 लोग और बच्चों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। थाना नरेला पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पता चला कि यहां पर गिरे फ्लैट्स राजीव रतन आवास का हिस्सा हैं, जिसमें लगभग 300-400 फ्लैट हैं। पुलिस द्वारा एंबुलेंस की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। रेस्क्यू की गई दो महिलाओं फातिमा पुत्री जुबेर और शहनाज पुत्री कलाम खान को इलाज के लिए पूठ खुर्द स्थित एमवी अस्पताल में भेजा गया है। हालांकि, एक अन्य महिला रुकैया खातून और शहनाज (9 साल) पुत्री अफरीना और 2-3 अन्य लोगों के अब भी मलबे के नीचे दबे होने की संभावना है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। दोनों महिलाएं खतरे से बाहर बताई जा रही हैं।