
इंदौर। धार रोड से पार्टी मनाकर घर लौट रहे तीन दोस्तों की कार दिलीप नगर मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद एक पेड़ से टकराई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, वहीं कार चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीसरे दोस्त को मामूली चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक बहुत तेजी से कार चला रहा था।
गांधी नगर टीआई संतोष सिंह यादव के अनुसार, मृतक का नाम शिवम भंसाली (24) था। वह गुरुकृपा कॉलोनी में रहता था। वहीं कार चालक विनय तिवारी 60 फीट रोड पर रहता था। उसकी हालत गंभीर है। इनका तीसरा साथी पीयूष राठी एरोड्रम क्षेत्र का है। इसे मामूली चोट आई थी। उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। मृतक शिवम बीमा कंपनी में काम करता था। उसके पिता आरटीओ में काम करते हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा बड़ा और छोटा भाई है। कार चालक विनय का ग्रॉसरी का काम है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार नावदा पंथ की ओर से एरोड्रम की तरफ आ रही थी। कार की स्पीड 100 से ज्यादा रही होगी। दिलीप नगर स्थित मोड़ पर चालक विनय कार को नियंत्रित नहीं कर पाया, उसने ब्रेक लगाकर संभलने की कोशिश की, लेकिन कार असंतुलित होकर एक गड्ढे में पलटी खाकर 35 फीट दूर बबूल के पेड़ से जा टकराई। हादसे की आवाज सुनकर लोग पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शिवम की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने बताया कि यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।