
नईदिल्ली। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने मार्च महीने के लिए एलपीजी गैस सिलेंडर की नई कीमतें जारी कर दी है। आज 1 मार्च को बगैर सब्सिडी वाले 14 किलो के एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम नहीं बढ़े हैं। ताजा कीमतों की बात की जाए तो राजधानी दिल्ली में कीमतें बिना किसी बदलाव के 899.5 रुपए पर स्थिर बनी हुई हैं। वहीं दूसरी ओर तेल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी कर दी है। देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल ने 19 किलो के कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 105 रुपए की बढ़ोतरी की है। अब राजधानी दिल्ली में नई कीमतें लागू होने के बाद 19 किलो के गैस सिलेंडर का नया दाम 2,012 रुपए हो गया है। नई कीमतें 1 मार्च 2022 से लागू हो गई हैं। वहीं दूसरी ओर 5 किलो के एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 27 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। अब दिल्ली में 5 किलो के सिलेंडर की कीमत 569 रुपए होगी। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।