पत्नी और बच्चों को ससुराल छोड़कर आया था, पुलिस कर रही जांच
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
आज सुबह किराए के मकान में रहने वाले ऑटो चालक फांसी के फंदे पर लटका मिला है। बदबू आने पर लोगों ने मामले की सूचना माधव नगर थाना पुलिस को दी थी।
बताया जा रहा है कि ऋषि नगर में किराए के मकान में रहने वाला प्रदीप पिता बृजमोहन कुरील ऑटो चालक था। 2 दिन पूर्व वह अपनी पत्नी और दो बच्चों को दमदमा स्थित अपने ससुराल छोड़कर आया था और कुछ दिन नहीं रहने की बात कही थी। आज सुबह प्रदीप के मकान से बदबू आने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। माधवनगर थाने से एसआई जितेंद्र सोलंकी मौके पर पहुंचे और विवेचना शुरू की। इस दौरान प्रदीप का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मामले की जानकारी लगते ही परिजन भी घटनास्थल पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि प्रदीप ने प्रेम विवाह किया था। उसने मौत को गले क्यों लगाया है इस बात की यह स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ पाई है। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया है। फिलहाल घटना स्थल को सील कर दिया गया है। जांच के बाद ही प्रदीप द्वारा उठाए गए कदम की जानकारी स्पष्ट हो पाएगी।