माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन। बारिश खत्म होने के बाद अब रात के तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है। दिन का तापमान स्थिर बना हुआ है।जीवाजीराव वेधशाला के अनुसार 1 जून से 30 सितंबर तक वर्षा काल का समय रहता है जो अब बीत चुका है। अक्टूबर माह की शुरुआत होने पर दिन में उमस और गर्मी महसूस की जा रही है। लेकिन रात में गुलाबी ठंड का एहसास हो रहा है। जिसके चलते न्यूनतम तापमान में 2 दिनों से कमी दर्ज की जा रही है। बीती रात न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पूर्व की रात 20 डिग्री दर्ज हुआ था। सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास बना हुआ था। लेकिन अधिकतम तापमान में कमी नहीं आई है। पिछले कुछ दिनों से दिन का तापमान 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है। दो-तीन दिनों से दिन में 2 से 3 किलोमीटर की हवा चल रही है।