आरोपी ने दरवाजा बंद कर किए वार, लोगों ने जमकर पीटा
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
आज सुबह गांधीनगर में रहने वाली महिला के घर में एक युवक घुस गया और दरवाजा बंद कर ताबड़तोड़ चाकू से चार-पांच वार कर दिए। महिला का शोर सुनकर आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़ा और चाकू मारने वाली की जमकर पिटाई कर दी। जिसे पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
नीलगंगा थाना क्षेत्र के गांधीनगर में रहने वाली पूजा पति प्रेम डगरिया 30 वर्ष सुबह घर में अकेली थी। उसी दौरान मनीष नामक युवक घर में घुसा और दरवाजा बंद कर पूजा पर चाकू से वार करना शुरू कर दिए। पूजा ने शोर मचाया। आसपास के लोग एकत्रित हो गए। दरवाजा तोड़ा गया और पूजा को बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया। चाकू मारने वाले मनीष को लोगों ने पकड़कर जमकर पीटा और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

फिलहाल घटनाक्रम के पीछे रही वजह सामने नहीं आ पाई है। वहीं पुलिस हिरासत में आए मनीष का कहना था कि उसने महिला को रुपए उधार दिए थे। जिसे मांगने पहुंचा था। इस दौरान विवाद हो गया। वहीं घायल पूजा के पति प्रेम ने बताया कि वह सब्जी का व्यवसाय करता है। सुबह घर से जल्दी निकल गया था। उसका पुत्र भी काम पर चला गया था। 9 बजे के लगभग आसपास के लोगों ने घटनाक्रम की जानकारी दी। मनीष मूलरूप से देवास का रहने वाला है। लॉकडाउन के दौरान दो-तीन माह तक वह गांधीनगर में किराये का मकान लेकर रह रहा है। रुपए लेन-देन की परिवार को कोई जानकारी नहीं है। उसने हमला क्यों किया है इस बात का पता पुलिस लगाएगी। पूजा को चेहरे, पेट और छाती में चाकू लगने पर डॉक्टर उसे उपचार के लिए ऑपरेशन थियेटर में ले गए थे।