नई दिल्ली। कांग्रेसी नेता और पूर्व विधायक अशोक जैन के नेतृत्व में पुरानी दिल्ली के अनेक कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आज राजघाट पर केंद्र सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान अशोक जैन ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कार्य करने में बदले की भावना और दोगली नीति अपना रही है। इस संबंध में केंद्र सरकार की असलियत जनता के सामने लाने के लिए उन्होंने आज राजघाट पर धरना प्रदर्शन किया।
इस मौके पर कांग्रेसी नेता अशोक जैन ने कहा कि भाजपा के कई नेता गैर कानूनी तौर पर सरकारी बंगलों में रह रहे हैं। वह वर्तमान में संसद के किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। इसके बावजूद केंद्र सरकार उनसे बंगले खाली नहीं करा रही है, वहीं केंद्र सरकार कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के नेताओं से बंगले खाली कराने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से बंगला खाली कराना पूरी तरह मानवता के खिलाफ है। उनको वर्षों पहले केंद्र सरकार ने सुरक्षा की दृष्टि से सरकारी बंगला दिया था, मगर केंद्र कि भाजपा सरकार ने पहले उनसे एसपीजी की सुरक्षा हटाई और अब उनसे बंगला भी खाली कराया जा रहा है। केंद्र सरकार के इस कदम से प्रियंका गांधी के जीवन को खतरा हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के गैर कानूनी तौर पर सरकारी बंगलों में रहने की जांच होनी चाहिए, आखिर वह किस आधार पर बंगलों में में रह रहे हैं।