प्रियदर्शनी चौराहा पहुंचे कांग्रेसी, सरदार पटेल को भी किया याद
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि आज कांग्रेस नेताओं ने शहीद दिवस के रूप में मनाई। वहीं राजीव गांधी भवन कांग्रेस कार्यालय में सरदार वल्लभ भाई पटेल को याद कर उनकी जयंती पर नमन किया गया। कांग्रेसी नेताओं ने दोनों नेताओं के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों पर चलने की शपथ भी ली।
शहर एवं जिला कांग्रेस कमेटी ने आज सुबह प्रियदर्शनी चौराहा पहुंचकर स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनकी पुण्यतिथि को शहीद दिवस के रूप में मनाते हुए श्रद्धांजलि दी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश सोनी, मनोहर बैरागी, रवि राय, कैलाश बिसेन, पुरुषोत्तम कहार, ललित लुल्ला, संतोषसिंह राणा सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने इंदिराजी के जीवन पर प्रकाश डालकर उनके आदर्शों पर चलने की शपथ भी ली। कांग्रेस नेता प्रियदर्शनी चौराहा से क्षीरसागर स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी भवन पहुंचे। यहां इंदिराजी के चित्र पर माल्यार्पण करने के साथ सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए याद किया। विदित हो कि स्व. इंदिरा गांधी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी थी। 31 अक्टूबर के दिन ही उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर फैल गई थी।
पुलिस कंट्रोल रूम पर एकता-अखंडता की शपथ
सरदार वल्लभ भाई की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। पुलिस कंट्रोल रूम पर राष्ट्र की एकता-अखण्डता और सुरक्षा की शपथ ली गई। पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार शुक्ला ने सुबह 11 बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्रसिंह के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई। पुलिसकर्मियों ने अपना हाथ आगे बढ़ाकर देश की सेवा और सुरक्षा में अपना योगदान देने की शपथ को पूरा किया।