माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
जिलाबदर किए गए बदमाशों के लगातार पकड़ाने पर पुलिस कप्तान ने नाराजगी जताई थी। जिसके बाद पुलिस जिलाबदर किए गए बदमाशों के क्षेत्र में पहुंचकर अनाउंसमेंट कर रही है। बदमाशों के नाम-पते क्षेत्रवासियों को बताए जा रहे हैं। वहीं उनके क्षेत्र में दिखाई देने पर पुलिस को सूचना देने की बात कही जा रही है।
लॉकडाउन के बाद बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार बदमाशों पर जिलाबदर और रासुका की कार्रवाई की जा रही है। दो दिन पहले माधवनगर थाना पुलिस से जिलाबदर बदमाश और उसके कांग्रेसी नेता पिता की भिड़ंत भी हो गई थी। वहीं लगातार जिलाबदर बदमाशों के शहर में ही घुमने और पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये जाने की जानकारी भी सामने आ रही थी। जिसको लेकर पुलिस कप्तान सत्येन्द्र कुमार शुक्ला ने नाराजगी जताई थी और कहा था कि अगर ऐसे ही बदमाश शहर में घुमते रहे तो जिलाबदर की कार्रवाई का क्या मतलब। कप्तान की नाराजगी सामने आने के बाद पुलिस ने अपने थाना क्षेत्र से जिलाबदर किए गए बदमाशों के घरों के आसपास और मोहल्लों में पहुंचकर अनाउंसमेंट करना शुरू कर दिया है। पुलिस जिलाबदर बदमाशों के नाम-पते रहवासियों को बता रही है और उनके क्षेत्र में आने और उनकी गतिविधियों की जानकारी लगने पर संबंधित थाना पुलिस को सूचना देने की बात कह रही है। गौरतलब है कि पुलिस कप्तान ने कार्यभार संभालने के बाद ही अपराधों पर अंकुश लगाने और बदमाशों पर सख्त कार्रवाई को अपनी प्राथमिकता बताया था। उन्होंने जिले के बदमाशों की जानकारी एकत्रित करने के बाद अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश भी दिए थे।