डिवाइन वैली में बंद कराया हॉरर कैफे और स्पा सेंटर
उज्जैन। युवाओं को समाज की मुख्यधारा से अलग करने वाली गतिविधियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है जहां युवा वर्ग बहुत कर अनैतिक गतिविधियों के साथ अपराधिक प्रवृत्ति की ओर अपने कदम बढ़ा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पुलिस द्वारा फर्जी कैफे, स्पा सेंटर, रेस्टोरेंट और होटलों पर सर्चिंग की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार शुक्ला ने कार्यभार संभालने के बाद ही सामाजिक अपराध और बदमाशों पर अंकुश लगाने की मंशा जाहिर कर दी थी। मंगलवार को उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ अपराधों की समीक्षा बैठक की और निर्देश दिए थे युवाओं को समाज की मुख्य धारा से जोडऩे वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाया जाए। उसके बाद देर रात माधव नगर थाना प्रभारी दिनेश प्रजापत ने अपने क्षेत्र से लगातार आ रही अनैतिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर डिवाइन वैली पहुंच कर सर्चिंग अभियान की शुरुआत कर दी। यहां हॉरर कैफे बना हुआ था जिसकी डिजाइन डरावनी कलाकृतियां बनी हुई थी। थाना प्रभारी ने माना कि इस तरह की कलाकृतियों से युवाओं की मानसिकता पर असर पड़ सकता है और वह समाज की मुख्यधारा से अलग हो सकते हैं। जिसके चलते उन्होंने हॉरर कैफे को बंद कराया और लाइसेंस नहीं होने पर बिना अनुमति के अब संचालन करने पर प्रतिबंध लगा दिया। यहां चिकन होटल बना हुआ था जिसकी डिजाइनिंग अपराधिक प्रवृत्ति के आधार पर की गई थी। होटल में आर्टिफिशियल हथियार लगाए गए थे। यह भी युवाओं की मानसिकता पर असर डालने का प्रयास करते नजर आ रहे थे। उक्त होटल को भी तत्काल बंद करा कर आर्टिफिशियल हथियार बरामद किए गए। डिवाइन वैली में स्पा सेंटर संचालित हो रहा था। पुलिस ने यहां सर्चिंग कर कोई अनैतिक गतिविधियां तो नहीं पाई लेकिन मौके पर लाइसेंस नहीं होने के चलते उसे भी बंद करा दिया गया। करीब 1 घंटे तक डिवाइन वैली में पुलिस ने सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान कई युवा सिगरेट के कश लगाते हुए दिखाई दिए जिन्हें समझाइश देकर घरों की ओर रवाना किया गया। उल्लेखनीय हो कि कुछ दिन पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ खाक चौक स्थित कमीना कैफे पर हुई चाकूबाजी के बाहर यहां सर्चिंग अभियान चलाया था और कई संदिग्धों को फटकार लगाई थी। उन्होंने कोतवाली और चिमनगंज थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की सर्चिंग कर प्रतिदिन कार्रवाई की बात कही थी।