माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन। इंदौर से आए पंजाबी वृद्ध ने शिप्रा नदी में कल शाम छलांग लगा दी। जिसे घाट पर मौजूद होमगार्ड के सैनिकों ने बचाकर बाहर निकाला। वृद्धा को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि शाम ६ बजे नृसिंह घाट शिप्रा नदी में एक वृद्ध ने छलांग लगा दी थी। कुछ लोगों ने उसे डूबता देखा तो घाट पर मौजूद होमगार्ड के सैनिकों को सूचना दी। सैनिकों ने उसे बचाकर नदी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां सामने आया कि वह इंदौर भागीरथपुरा का रहने वाला जगजीत पिता मेहरा सिंह पंजाबी ५० वर्ष है। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है। वह आर्थिक रूप से परेशान था। जिसके चलते उसने मौत को गले लगाने का कदम उठाया था। मामले की जानकारी परिजनों को दी गई थी। देर रात परिजन उज्जैन पहुंच गए थे।
झुलसी महिला की हुई मौत
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन। सप्ताह भर पहले घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम कलेसरा से पूजा पति जितेंद्र डोडिया को झुलसी हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसकी आज सुबह मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पूजा ने लॉकडाउन के पूर्व जितेंद्र से प्रेम विवाह किया था। वह रतलाम की रहने वाली थी। जितेंद्र बस कंडक्टर है। पूजा से उसकी पहचान बस में सफर करने के दौरान हुई थी। जितेंद्र का कहना था कि चिमनी गिरने से पूजा झूलसी थी। मामले में अस्पताल पुलिस चौकी ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच घटिया थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।
युवक ने जहर खाकर दी जान
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन। इंगोरिया थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर में रहने वाले बंटी पिता आत्माराम कुशवाह को परिजन बेहोशी की हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए थे। जहां उसकी कुछ देर बाद मौत हो गई। बंटी ने जहरीला पदार्थ खाया था। अस्पताल पुलिस चौकी ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल ज्ञात नहीं हो सका है कि बंटी ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया है। जांच के बाद ही मामला स्पष्ट होगा।