5 पर हत्या का केस चार हिरासत में
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
मामूली बात को लेकर हुए विवाद में युवक की लात-घूसों से पिटाई कर दी गई। घायल को अंदरूनी चोट लगी जिसकी कुछ देर बाद अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। चार को राउंडअप कर लिया गया है।
इंगोरिया थाना प्रभारी अशोक शर्मा ने बताया कि ग्राम कढ़ाई में रहने वाले परम पिता करण सिंह आंजना 35 वर्ष का विवाद घर से कुछ दूरी पर रहने वाले वृद्ध मोतीलाल आंजना से हो गया था। वृद्ध रात को घर के सामने आने वाले कुत्तों को भगाने के लिए पत्थर एकत्रित कर कर रखता था। इसी बात को लेकर पदम और वृद्ध के बीच विवाद हो गया था। परम को वृद्ध मोतीलाल से विवाद करता देख पुत्र हिम्मत और उसके चचेरे भाई अंतर, धीरज और हाकम आ गए जिन्होंने परम की लात घूसों से जमकर पिटाई कर दी। घायल होने पर परम को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मामले में 5 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। चार को राउंडअप कर लिया गया है। मामले में मृतक का पोस्टमार्टम कराने पर सामने आया कि उसे अंदरूनी चोट लगी थी जिसके चलते उसका लीवर फट गया था और पसलियां टूट गई थी। अंदरुनी रूप से खून अधिक बहने पर उसकी मौत हुई है।