माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
पांच दिवसीय दीपावली उत्सव की आज से शुरुआत हो गई है। घर-आंगन में रंगोली सजाई जाएगी। वहीं प्रतिष्ठानों और घरों के बाहर दीप जगमगाएंगे। दीपावली उत्साह में बाजार भी सजा नजर आ रहा है। लोग खरीददारी के लिए घरों से निकलने लगे हैं।
हिंदू सम्प्रदाय के सबसे बड़े पर्व दीपावली इस बार अधिक मास के चलते एक माह देरी से मनाई जा रही है। पांच दिवसीय दीपोत्सव का आगाज हो चुका है। आज से घर-आंगन में रंगोली और दीपों की रोशनी दिखाई देगी। पर्व मनाने की तैयारी में लोगों ने घरों पर विद्युत सज्जा कर ली है। कोरोना संक्रमण के बीच दीपावली का उत्साह नवरात्रि, दशहरा से अधिक नजर आ रहा है। बाजार भी जगमगा उठा है। पर्व से जुड़ी सामग्रियों की दुकानें पूरी तरह से सज चुकी हैं। फ्रीगंज क्षेत्र से लेकर गोपाल मंदिर तक भीड़ बढ़ चुकी है। बाजार में मिट्टी के दीपक और रुई की बाती जगमगाने के लिए तैयार नजर आ रही है। घरों, प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए आर्टीफिशियल फूलों की लडिय़ां और गुलदस्ते लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। इस बार चायना सामग्री पर प्रतिबंध होने की वजह से लोग स्वदेशी सामान और हस्त निर्मित सजावटी सामग्रियों की खरीददारी अधिक कर रहे हैं। पांच दिनों तक पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान धन के देवता कुबेर के साथ धन की देवी लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की जाएगी। दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा की परंपरा का उत्साह भी बना रहेगा।

कल साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का था अंतिम दौर
दीपावली पर्व से पहले घरों-प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का काम कल रविवार का अवकाश होने पर दिनभर चलता रहा। शहर में निकलने वाले कचरे को लेकर नगर निगम का कचरा वाहन भी सुबह और शाम शहर में चक्कर लगाता रहा। कल साफ-सफाई, रंगाई-पुताई का काम अधिकांश तौर पर पूरा कर लिया गया था। इस बार लोगों ने रंगाई-पुताई का काम कम किया है लेकिन साफ-सफाई अभियान को ज्यादा महत्व दिया है। बच्चों में दीपावली पर्व को लेकर काफी उत्साह बना हुआ है। उन्होंने सप्ताहभर पूर्व से ही पटाखे चलाना शुरू कर दिये थे। कोरोना संक्रमण के चलते आर्थिक स्थिति बिगडऩे के बाद भी शहरवासी दीपावली को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।
सुरक्षा के लिए सादी वर्दी में तैनात पुलिसकर्मी
दीपोत्सव के पर्व में बदमाश और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग खलल न डाल सके इसको लेकर बाजार में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सादी वर्दी में पुलिसकर्मी सुबह से लेकर देर रात तक नजर रख रहे हैं। जिन स्थानों पर महिलाओं द्वारा अधिक खरीददारी की जा रही है वहां महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कोरोना संक्रमण के बाद अपराधों का ग्राफ बढऩे का अंदेशा पहले ही जता दिया गया था जिसको लेकर पुलिस प्रशासन काफी मुस्तैद नजर आ रहा है। रात्रि के समय भी पुलिस की गश्त बढ़ चुकी है। वहीं पुलिस प्रशासन ने बदमाशों के खिलाफ अभियान चला रखा है। सार्वजनिक स्थानों और भीड़ भरे क्षेत्रों में सर्चिंग की जा रही है। जिलाबदर बदमाशों की धरपकड़ हो रही है वहीं फेसबुक गैंग पर भी पुलिस की नजरें जमी हुई हैं।