माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
जिला बदर किए जाने के बाद बदमाश भाई दूज पर घर आ गया था। पुलिस को जानकारी लगी तो दबिश दी गई। बदमाश चाकू के साथ पकड़ा गया। आज उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
माधव नगर टीआई दिनेश प्रजापत ने बताया कि मक्सी रोड स्थित गोपालपुरा में रहने वाले अर्जुन पिता राजाराम सुनहरे को लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के चलते 29 सितंबर 2020 को जिला बदर किया गया था। सोमवार को वह आदेश का उल्लंघन कर अपने घर आ गया था। जिसकी जानकारी लगते ही उसे हिरासत में लिया गया। उसके पास से चाकू बरामद हुआ है। 14 म.प्र. राज्य सुरक्षा अधिनियम का प्रकरण दर्ज किया गया है। विदित हो कि पिछले डेढ़ माह में माधव नगर थाना पुलिस आधा दर्जन के करीब जिला बदर बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जिले में जिला बदर बदमाशों की धरपकड़ के लिए एसपी द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए बदमाशों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस द्वारा जिले में प्रतिदिन शाम ढलने के साथ कांबिंग गस्त भी की जा रही है। जिसमें इनामी जिला बदर और आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को पकड़ा जा रहा है।