वड़ोदरा। गुजरात स्थित वड़ोदरा में वाघोडिया क्रॉसिंग हाईवे पर बुधवार सुबह दो ट्रकों की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई और 19 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार सूरत से पावागढ़ के रास्ते में टेंपो और डम्पर के बीच हुए हादसे में कम से कम 11 लोग मारे गए हैं जबकि 19 लोग घायल हुए। दुर्घटना कपूरई से अहमदाबाद के वाघोडिया चोकड़ी पुल पर सुबह 3 बजे एक डम्पर और एक ईसर टेम्पो के बीच हुई। ये सभी लोग पावागढ़ दर्शन के लिए जा रहे थे। मृतकों में 1 बच्चा, 5 महिलाएं, 3 पुरुष शामिल है। घटना की गंभीरता को देखते हुए, अतिरिक्त सीपी कलेक्टर, सीडीएम और एसएसजी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक रंजन अय्यर भी घटनास्थल पर पहुंचे। वड़ोदरा की जिला कलेक्टर शालिनी अग्रवाल भी सुबह-सुबह पहुंच गईं। उन्होंने कहा कि सूरत से पावागढ़ जा रहा एक ट्रक आज सुबह वडोदरा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सभी लोगों को एसएसजी अस्पताल में भेज दिया गया है। फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है। बताया गया कि घायलों को फायर ब्रिगेड द्वारा निकाला गया और इलाज के लिए सयाजी अस्पताल में भेजा गया।
सीएम ने मदद का निर्देश दिया
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने ट्वीट करके हादसे पर दुख जताया और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है। उन्होंने अधिकारियों को जरूरतमंदों की मदद करने का निर्देश दिया गया है। वडोदरा की घटना पर प्रधानमंत्री मोदी ने शोक जताया है। उन्होंने लिखा वडोदरा में हुई दुर्घटना से दुखी हूं। मेरी सांत्वना उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। प्रार्थना है कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रशासन दुर्घटनास्थल पर हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।

पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन लोगों की जलकर मौत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ घंटों में सड़क दुर्घटना की कई घटनाएं सामने आई हैं। प्रयागराज के कोरांव इलाके में एक तेज रफ्तार कार पेड़ में भिड़ी तो वहीं आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक बस पलट गई। प्रयागराज के कोरांव इलाके में तेज रफ्तार वैगनआर कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे कार में भीषण आग लग गई। कार में आग लगने से उसमें सवार तीन लोग जिंदा जल गए। तीनों की मौत हो गई। यह घटना सुनसान इलाके में हुई घटना के बारे में सुबह जानकारी मिल पाई। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। फिलहाल कार के खाक होने को लेकर पुलिस को कोई जानकारी हाथ नहीं लगी है। पुलिस जांच में जुटी है कि कार कहां की है, इसमें कौन लोग सवार थे, जली कार में जले कंकाल मिले हैं। ये घटना शहर से 60 किलोमीटर दूर कोरांव थाना क्षेत्र के पसरा गांव के नजदीक हुई है। वहीं कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर सवारियों से भरी बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसमें ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बस में 80 यात्री सवार थे। इनमें चार गंभीर रूप से घायल हैं। बस बिहार के समस्तीपुर जा रही थी। यह घटना तालग्राम थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।