माटी की महिमा न्यूज/इंदौर
नगर निगम ने बुधवार से शहर के सूचीबद्ध गुंडों द्वारा किए गए अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने निगम को 15 बड़े गुंडों और उनके द्वारा किए गए अवैध निर्माण की सूची सौंपी है, जिन पर अब चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई होगी।
पहले चरण में बुधवार को गुंडे साजिद चंदनवाला के अवैध निर्माण को तोडऩे की शुरुआत रानीपुरा स्थित संत रविदास मार्ग स्थित दो मंजिला ध्वस्त करके की गई। साजिद की तीन दुकानें भी तोड़ी गई। इसके लिए नाले में पोकलेन मशीन उतारनी पड़ी। दुकानों का निर्माण 30 बाय 50 फीट क्षेत्रफल में किया गया था। नगर निगम के अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह ने बताया कि जीतेंद्र उर्फ नानू के अवैध निर्माण पर निगम का बुलडोजर चलाया जाएगा। दोनों गुंडों ने अवैध कब्जे करके उन पर निर्माण कार्य कर लिया था। गुंडे जीतेंद्र का अवैध मकान चंदन नगर थाना क्षेत्र में स्थित है। लंबे समय से प्रशासन गुंडों के अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की योजना बना रहा था, लेकिन कोरोना महामारी के कारण कार्रवाई लगातार ढलती जा रही थी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अब सरकार की तरफ से भी कार्रवाई शुरू करने का इशारा हो गया है। नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अब लगभग हर दिन किसी न किसी गुंडे का अवैध निर्माण तोड़ा जाएगा।