देर रात लौट रहा था घर अज्ञात वाहन की तलाश
उज्जैन। रात 11 बजे मक्सी रोड पर बाइक सवार मजदूर को तेज रफ्तार से गुजरे अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस क्षेत्र में लगे कैमरों की मदद से वाहन और चालक की तलाश कर रही थी।
पवासा थाना पुलिस ने बताया कि देर रात मक्सी रोड सांची प्लांट और श्री सिंथेटिक के बीच सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत होने का पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक युवक बाइक पर सवार था उसे अज्ञात वाहन टक्कर मारकर भाग निकला था। घटनास्थल से शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक के पास मिले दस्तावेज और बाइक नंबर के आधार पर उसकी शिनाख्त संजय पिता बद्रीलाल 35 वर्ष निवासी सुमरा खेडा जिला देवास के रूप में हुई। परिजनों के आने पर उन्होंने बताया कि संजय का हाल मुकाम बालगढ़ जिला देवास था। वह मजदूरी का काम करता था और दिन में उज्जैन गया था। संभवत लौटते समय उसके साथ दुर्घटना हुई है। मृतक के दो बच्चे हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आज सुबह पोस्टमार्टम कराया है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है।