आज दोपहर में होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री
श्री चौहान ले सकते हैं निर्णय
भोपाल। त्यौहार में कोविड-19 के नियमों को दरकिनार कर की गई शॉपिंग के दुष्परिणाम सामने आने लगे हैं। इसको लेकर अब सरकार भी सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज 3 बजे आला अधिकारियों की बैठक बुलाई है।
बैठक में कोरोना से निपटने के लिए सख्त कदम उठाने पर विचार किया जा सकता है। इसके तहत रात 8 बजे के बाद दुकाने व व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद करने, सरकारी व निजी कार्यालयों में 50 फ़ीसदी उपस्थिति के साथ ही रविवार को दुकानें व व्यापारी संस्थान बंद करने पर विचार किया जा सकता है। साथ ही फिर से कंटेनमेंट जोन बनाने का निर्णय लिया जा सकता है।
इसको लेकर गुरुवार मंत्रालय में आला अधिकारियों की बैठक भी हुई। अधिकांश अधिकारियों का मत था कि कोरोना की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। रात्रिकालीन कर्फ्यू या दुकानें बंद करने से कोई ज्यादा फायदा नहीं होगा। अधिकारियों का कहना था कि बड़ी मुश्किल से बाजार की स्थिति में सुधार आया है। इस कारण अब इसे बंद करने पर विचार नहीं करना चाहिए। मास्क ना लगाने पर जुर्माने की राशि बढ़ाने पर जरूर अधिकारियों ने सहमति बनाई है। आज दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ होने वाली बैठक के लिए अधिकारियों ने दो अलग-अलग तरह के प्लान बनाए हैं। अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री को लेना है लेकिन इतना तय है कि अब लॉकडाउन नहीं होगा।