नकली मावा-घी का कारोबार
डेढ़ साल पहले हुई सेम्पलिंग के बाद फैक्ट्री का बदला नाम
उज्जैन। उण्डासा मार्ग पर नकली मावा और घी का बड़े स्तर पर चल रहे कारोबार को जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार को दबिश देकर पकड़ा था। इसके बाद जानकारी सामने आई कि डेढ़ साल पहले मिलावटखोरी के मामले में उक्त कारोबार की फेक्ट्री पर सेम्पलिंग की गई थी। जिसके बाद फेक्ट्री संचालक ने नाम बदलकर मिलावटखोरी की शुरुआत कर दी थी।

ढाबारोड पर रहने वाला हार्दिक मोदी उण्डासा क्षेत्र में अष्टमूर्ति फूड फेक्ट्री के नाम से नकली मावा और घी बनाने का बड़े स्तर पर काम कर रहा था। शुक्रवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को मामले की जानकारी लगी तो खाद्य औषधि प्रशासन विभाग की टीम के साथ मौके पर दबिश दी गई। करीब 5 से 6 घंटे चली कार्रवाई के दौरान कलेक्टर आशीष सिंह, एसपी सत्येन्द्र कुमार शुक्ला, एडीएम नरेन्द्र सूर्यवंशी, एएसपी अमरेन्द्रसिंह, सीएसपी पल्लवी शुक्ला, टीआई अजीत तिवारी के साथ खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन विभाग के शैलेष गुप्ता और बीएस देवलिया ने जांच पड़ताल की। कुछ खाद्य सामग्री के सेम्पल मोबाइल लेब में जांचे गए। जिसमें मिलावटखोरी की पुष्टि होते ही प्रशासन की टीम ने फेक्ट्री को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया। खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन अधिकारी बीएस देवलिया ने बताया कि उक्त फेक्ट्री दो वर्ष से संचालित हो रही थी। डेढ़ वर्ष पूर्व फेक्ट्री में मिलावटखोरी का सेम्पल भरा गया था। जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उस दौरान संचालक ने फैक्ट्री का नाम शुद्ध फूड रख रखा था। सेम्पल लिए जाने के बाद उसने फैक्ट्री का नाम अष्टमूर्ति फूड कर दिया था। वर्तमान नाम से वह घी का प्रोडक्ट तैयार कर रहा था और उसी नाम से फैक्ट्री को भी संचालित करने लगा था। फिलहाल उसके यहां से लिए गए सेम्पलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। दो से तीन दिन में रिपोर्ट मिलते ही कलेक्टर के आदेश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
600 किलो नकली मावा मिला
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई में फैक्ट्री से 600 किलो नकली मावा होने की शंका में बरामद किया गया है। वहीं डेढ़ सौ किलो घी के साथ 180 किलो वनस्पति घी, चार किलो स्टार्च, 10 इलेक्ट्रिक भट्टी, दूध रखने के आधुनिक उपकरण, 120 किलो मिल्क पावडर के साथ डिटर्जेन्ट बरामद किया गया है। 315 किलो मावा फैक्ट्री संचालक के पार्टनर शुभम राठौर के घर से भी जब्त किया गया है। जिसकी कीमत साढ़े 3 लाख रुपए से अधिक आई है।