
उज्जैन। उत्तर भारतीय परिवारों का सबसे बड़ा पर्व छठ पूजा धार्मिक नगरी में शिप्रा नदी स्थित राम घाट पर मनाया गया। आज सुबह उगते सूरज को अध्र्य देकर परिवार की महिलाओं ने अपने व्रत को पूर्ण किया और परिजनों की दीर्घायु के साथ सुख शांति की कामना की। छठ पूजा के चलते उत्तर भारतीय परिवार २ दिनों से पूजा अर्चना और उपवास में लगा हुआ था। आज सुबह ४ बजे उत्तर भारतीय परिवार की महिलाओं ने शिप्रा नदी स्थित रामघाट पहुंचकर पूजा अर्चना की और उगते सूरज को अध्र्य देकर शुक्रवार शाम शुरू किए गए उपवास को पूर्ण किया। इस दौरान परिजनों की लंबी उम्र और सुख शांति की कामना की गई। इससे पहले शुक्रवार शाम उत्तर भारतीय परिवार राम घाट पहुंचा था। जहां घाट को पूजा अर्चना के लिए सजा कर व्रत धारी महिलाएं कतार से बैठी थी और भजनों के साथ पूजा अर्चना की थी। इस दौरान परिवार जनों ने आतिशबाजी कर छठ पूजा का उत्सव मनाया था। धार्मिक नगरी उज्जैन में ३००० से अधिक उत्तर भारतीय परिवार बसे हुए हैं जो छठ पूजा के उत्सव में शामिल हुए थे। पिछले ३ दिनों से इन परिवारों में उत्साह का माहौल बना हुआ था और पूजा अर्चना की जा रही थी जिसका आज समापन हो गया।