उज्जैन। तापमान में कुछ दिनों से उतार चढ़ाव का सिलसिला बना हुआ है। बीती रात न्यूनतम तापमान 3 डिग्री गिर गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में भी 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई थी।
मौसम में बदलाव के चलते अब ठंड का असर बढ़ता दिखाई देने लगा है। 2 दिन पूर्व हुई हल्की बारिश के बाद हवा की गति भी 4 किलोमीटर हो चुकी है जिसके चलते दिन रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार शनिवार रात को न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट के साथ 14 डिग्री पर आ गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में भी 3 डिग्री की गिरावट के साथ 27 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। जीवाजीराव वेधशाला के अनुसार जैसे-जैसे नवंबर माह के अंतिम दिन करीब आते जाएंगे वैसे-वैसे तापमान में गिरावट दर्ज होगी। ठंड का मौसम शुरू हो चुका है दिसंबर माह में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। उत्तर भारत के क्षेत्रों में बर्फबारी और कम दबाव का क्षेत्र बनने से बारिश हो रही है जिसकी नमी की वजह से ठंड का असर बढ़ रहा है।