माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
उत्तर भारत में बर्फबारी के बाद चल रही सर्द हवाओं से शहर में ठिठुरन बढ़ गई है। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री बना हुआ है। अधिकतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है। आगामी दिनों में ठंड बढऩे की पूरी संभावना बनी हुई है।
शहर में दो दिनों से शाम ढलने के बाद ठिठुरन महसूस की जा रही है। जहां रात में गर्म कपड़े पहने लोग नजर आ रहे हैं वहीं दिन में भी अब गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के बाद सर्द हवा का रूख शहर की ओर बना हुआ है। जिसके चलते ठंड बढ़ गई है। जीवाजी राव वेधशाला के अनुसार शनिवार-रविवार और रविवार-सोमवार रात न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री था। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री के करीब आ गया था। सुबह की आद्र्रता में भी इजाफा हो रहा है। रविवार सुबह आद्र्रता 77 प्रतिशत थी वहीं आज आर्द्रता का प्रतिशत 88 रहा है। वेधशाला अधीक्षक राजेन्द्र कुमार गुप्त के अनुसार आगामी दिनों में तापमान गिर सकता है जिसके चलते कड़ाके की ठंड पड़ेगी। वैसे न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री के बीच हर वर्ष पहुंचता है। इस बार भी इसके आसपास ही न्यूनतम तापमान बना रहेगा। करीब 8 से 10 साल पहले न्यूनतम तापमान 1 डिग्री के करीब पहुंचा था। अधिकतम तापमान भी ठंड के दिनों में 18 से 20 डिग्री के आसपास बना रहता है।
ठंड के साथ बढने लगी बीमारी
जैसे-जैसे ठंड का असर तेज होता जा रहा है। बीमारियां भी पैर पसारती नजर आ रही है। लोगों में जहां कोरोना का भय बना हुआ है वहीं ठंड के साथ सर्दी, जुकाम और बुखार ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ठंड के असर के चलते कोरोना की रफ्तार भी तेज हुई है। रविवार को 39 कोरोना संक्रमित लोगों की पुष्टि हुई थी। डॉक्टरों के अनुसार ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े और गर्म खाद्य पदार्थ का सेवन लगातार करना चाहिए। वहीं ठंड के मौसम में होने वाली बीमारी में लापरवाही नहीं करते हुए तत्काल डॉक्टर से सलाह लेकर उपचार कराना चाहिए।